संक्षेप:ऐसे में जब हरिद्वार के धार्मिक स्थलों पर गैर-हिंदुओं की एंट्री प्रतिबंधित करने की मांग हो रही है, हर की पैड़ी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवक अरबी पहनावे में नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अरबी पहनावे में दिख रहे युवक
वायरल वीडियो में हर की पैड़ी पर दो युवक अरबी पहनावे में नजर आ रहे हैं और खुद को दुबई का निवासी बताते हुए मुस्लिम नामों का उल्लेख कर रहे हैं। वायरल वीडियो में युवक हर की पैड़ी के घाटों पर घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब श्रीगंगा सभा की ओर से हरिद्वार के घाटों और धार्मिक स्थलों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश को प्रतिबंधित करने की मांग हो रही है।
पुरोहितों का आरोप- माहौल बिगाड़ने की कोशिश
वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय पुरोहितों में आक्रोश है। तीर्थ पुरोहितों का आरोप है कि यह वीडियो जानबूझकर क्षेत्र की मर्यादा को भंग करने और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से बनाया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस घटना पर श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने कहा कि वीडियो की जानकारी पुलिस तक पहुंच गई है। माहौल खराब करने के लिए इस तरह किया जा रहा है। इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
