हरिद्वार। चंडी देवी मंदिर मार्ग एवं मंदिर परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाहियों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों, उषा ब्रेको प्रबंधन और दुकानदारों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने कहा कि चंडी देवी मंदिर देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल पर गंदगी और अव्यवस्था किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों को स्वच्छता बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंदिर मार्ग पर कई स्थानों पर आई दरारों को देखकर भी उन्होंने नाराज़गी जताई। वन विभाग और उषा ब्रेको के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
राज्य मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और उषा ब्रेको के प्रबंधक को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि तीन दिनों के भीतर मंदिर मार्ग और मंदिर परिसर की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि भविष्य में फिर ऐसी लापरवाही सामने आई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दिए गए सख्त निर्देशों के बाद संबंधित विभागों और प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति देखी गई। अब तीन दिन के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर सभी की निगाहें संबंधित एजेंसियों पर टिकी हैं।
