हरिद्वार। मानसून की शुरुआत के साथ ही धर्मनगरी हरिद्वार की सड़कें आम जनता के लिए आफत साबित हो रही हैं। जगह-जगह विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे अनियोजित कार्यों के कारण खुदी पड़ी सड़कें अब जानलेवा बन चुकी हैं। इस गंभीर मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित हरिद्वार के जिला अधिकारी (DM) को पत्र भेजकर लापरवाह विभागों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने विभागों को जल्द से जल्द गड्ढे भरने और सड़कों का निर्माण शुरू करने के निर्देश देने को कहा है।
सुनील सेठी ने उतरी हरिद्वार से लेकर भीमगोड़ा और जगजीत पुर सहित अन्य कई इलाकों में टूटी सड़कों, बड़े-बड़े गड्ढों और बरसाती कीचड़ पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इन हालातों की वजह से आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं, और सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुनील सेठी ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लापरवाह विभागों के रवैये के कारण मुख्यमंत्री और सरकार के विकास कार्यों की छवि धूमिल हो रही है। कई विभागों ने उतरी हरिद्वार से लेकर जगजीत पुर तक कई जगह ‘डेंजर जोन’ और ‘कीचड़ स्पॉट’ बनाकर जनता को बेहाल कर दिया है। उन्होंने बताया कि शांतिकुंज के पास हाईवे साइड रोड सर्विस लेन की हालत इतनी खराब है कि राहगीर मजबूरन रॉन्ग साइड चलने को मजबूर हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) की लेट-लतीफी और अन्य विभागों की यह लापरवाही अब जनता पर भारी पड़ रही है।
जिला अधिकारी को भेजे पत्र में सेठी ने चेताया कि आगामी कांवड़ यात्रा बिल्कुल सर पर है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुँचेंगे। अगर इन रास्तों को तुरंत ठीक नहीं किया गया तो परेशानी बहुत ज्यादा बढ़ जाएगी। इसलिए ऐसे विभागों पर सख्त कार्रवाई करते हुए जनता को तुरंत राहत दी जाए।
इस मांग का पुरजोर समर्थन करने वालों में मुख्य रूप से सोनू चौधरी, हरिमोहन भारद्वाज, लाल जी, अमित अरोड़ा, आशीष अग्रवाल, राकेश सिंह, एस एन तिवारी, पावन पांडे, सचिन अग्रवाल, अमित सिंह, लक्की अनेजा और हरिमोहन सिंह शामिल रहे।
