हरिद्वार।धार्मिक नगरी हरिद्वार के रानी गली क्षेत्र में विकास के दावों की धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही हैं। यहाँ निगम कुटीर आश्रम के ठीक सामने मुख्य सड़क और गड्ढों में सीवर लाइन का गंदा पानी इस कदर जमा हो चुका है कि स्थानीय निवासी, राहगीर और अस्पताल आने वाले मरीज नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। पिछले ४ दिनों से स्थिति जस की तस बनी हुई है, लेकिन नगर निगम और स्थानीय प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है।

अस्पताल बना बीमारी का घर, इलाज कराने आए लोग हो रहे बीमार
सबसे हैरान और परेशान करने वाली स्थिति क्षेत्र के हॉस्पिटल की है। सीवर लाइन ओवरफ्लो होने के कारण गंदा और बदबूदार पानी अब सीधे अस्पताल के भीतर तक घुस रहा है। अस्पताल के आसपास और भीतर इस कदर भयानक बदबू और गंदगी का अंबार लगा है कि यहाँ पैर रखने की भी जगह नहीं बची है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीज यहाँ अपना इलाज करवाने आते हैं, लेकिन इस महा-नरक और मच्छरों के आतंक के कारण लोग उल्टा गंभीर रूप से बीमार होकर लौट रहे हैं।

4 दिन हो गए पानी भरा हुआ है सीवर लाइन का, अब तक कोई सुध लेने नहीं आया।”
पास से गुजर जाती है जनता की तकलीफ, फिर भी यहाँ के पार्षद ध्यान क्यों नहीं देते?
रानी गली की पीड़ित जनता आज अपने जनप्रतिनिधि से एक ही तीखा सवाल पूछ रही है कि आखिर कोई इतना लापरवाह कैसे हो सकता है? स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज़ाना यहाँ की बदहाली और सीवर का ये नरक यहाँ के पार्षद की आँखों के सामने से, बिल्कुल पास से पार हो जाता है, लेकिन न जाने क्यों उनका ध्यान इस गंभीर समस्या पर कभी नहीं जाता। सड़क पर भरा यह गंदा पानी और इससे उठती भयानक बदबू पार्षद के क्षेत्र की ही है, जिसे वो रोज़ देखते-सुनते हैं, फिर भी वो आँखें मूंदे बैठे हैं। क्षेत्रवासियों ने आक्रोश जताते हुए कहा, “क्या जनप्रतिनिधियों का काम सिर्फ चुनाव के समय वोट मांगने के लिए हमारे पास आना है? चुनाव जीतने के बाद जनता की ये चीखें उनके कानों के पास से निकल जाती हैं, लेकिन वो ध्यान देना भी ज़रूरी नहीं समझते।”

बच्चे हो रहे डेंगू-बुखार के शिकार, बड़े हादसे का डर
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे किसान मोर्चा मंडल मंत्री विकास गुप्ता जी ने ग्राउंड जीरो से बड़ा खुलासा किया है। विकास गुप्ता ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि इस गंदे नाले और सीवर के रुके हुए पानी की वजह से इलाके के आधे से ज्यादा बच्चे बीमार पड़ चुके हैं। मच्छरों के पनपने से बच्चों में डेंगू और तेज बुखार का खतरा तेजी से फैल रहा है। इसके साथ ही, यहाँ से गुजरने वाले यात्रियों और बुजुर्गों के गंदे पानी के गड्ढों में फिसलकर गिरने और चोटिल होने का खतरा हर वक्त बना रहता है।
स्थानीय संतों और यात्रियों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम और प्रशासन ने तुरंत इस सीवर लाइन को ठीक नहीं कराया और गंदगी साफ नहीं की, तो क्षेत्र में कोई बड़ी महामारी फैल सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
