लक्सर (हरिद्वार)। पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के जन्मदिवस के अवसर पर लक्सर विधानसभा में मानवता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। भाजपा युवा मोर्चा, लक्सर विधानसभा द्वारा ग्राम पीपली स्थित जमदग्नि पब्लिक स्कूल में एम्स (AIIMS) ऋषिकेश के सहयोग से एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में युवाओं और महिलाओं ने बेहद उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह और विशेषकर युवाओं को संबोधित करते हुए रक्तदान के महत्व को रेखांकित किया।
“रक्तदान महादान है, हमारा एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।”
— ओम प्रकाश जमदग्नि, —

राज्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे नियमित अंतराल पर रक्तदान करने का संकल्प लें ताकि अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के इस सेवा कार्य की जमकर सराहना भी की।
महिलाओं और युवाओं में दिखा भारी उत्साह
इस शिविर की सबसे खास बात महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। शिविर में जहाँ एक ओर युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, वहीं 40 से अधिक महिलाओं ने भी रक्तदान कर समाज में ‘मानव सेवा सर्वोपरि’ का संदेश दिया। एम्स ऋषिकेश की विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने पूरी सुरक्षा और मानकों के साथ रक्त एकत्रित किया।
