सुनील सेठी बोले—बच्चों को आत्मनिर्भर और आत्मरक्षा के काबिल बनाता है कराटे

हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित होटल त्रिमूर्ति में आयोजित तीन दिवसीय इंडियन कराटे चैंपियनशिप का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए करीब 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और कोचों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कराटे बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ आत्मरक्षा का गुण भी सिखाता है।
सुनील सेठी ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेना भी बेहद जरूरी है। कराटे जैसे खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि अपनी सुरक्षा के साथ असहाय लोगों की मदद करने का गुण भी बच्चों को मजबूत बनाता है।

चैंपियनशिप में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों की कराटे अकादमियों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, मेहनत और खेल कौशल से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में कई अनुभवी कोच अपनी टीमों के साथ पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में सुमित, कंगना, ईशु, दीक्षा जैन, भुवी, देवांशिका और नैना ने अपनी-अपनी आयु एवं भार वर्ग की स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उनके कोच, अभिभावकों और अकादमियों में खुशी का माहौल रहा।
प्रतियोगिता में कोच नवीन कुमार, संजय वर्मा, अर्जुन (कलानौर), लोकेश सैनी (महेंद्रगढ़), अजय (हिसार), अजय कुमार, आशीष त्यागी (उत्तर प्रदेश), मन्नू चौहान (दिल्ली), ईशान तराठी (बहादुरगढ़), विकास और राजीव (रोहतक) सहित अनेक कोच अपनी टीमों के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर रवि बांगा, खुशी राम, प्रदीप कुमार (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य), राजेश कुमार, मैडम शगुन, मनमीत, काका कुमार, एस.एन. तिवारी, भागीरथ प्रजापति और आशीष अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, अनुभव हासिल करने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करती हैं।

One thought on “हरिद्वार में तीन दिवसीय इंडियन कराटे चैंपियनशिप का समापन, 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दम ||”