हरिद्वार में पानी का हाहाकार: यात्रा सीजन में प्यासे पर्यटक और स्थानीय निवासी, सुनील सेठी ने दी आंदोलन की चेतावनी

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में भीषण गर्मी और चारधाम यात्रा सीजन के बीच पानी की भारी किल्लत शुरू हो गई है। शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित होने और लो-प्रेशर की समस्या से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले तीर्थयात्री भी बेहद परेशान हैं।

इन इलाकों में सबसे बुरा हाल:

महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी के अनुसार, उत्तरी हरिद्वार, खड़खड़ी, भूतवाला, हरकी पैड़ी, ललतारौ पुल और मायापुर सहित कई इलाकों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। लोगों को दैनिक कार्यों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

मुख्य सचिव को लिखा पत्र:

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनील सेठी ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि यात्रा सीजन के चरम पर होने के बावजूद जल संस्थान व्यवस्था संभालने में नाकाम रहा है। जब इस संबंध में विभाग से संपर्क किया गया, तो विभाग ने ‘कर्मचारियों की कमी’ का बहाना बनाकर अपना पल्ला झाड़ लिया।

आंदोलन की चेतावनी:

सुनील सेठी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि जल्द ही जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और लो-प्रेशर की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो व्यापार मंडल जल संस्थान के खिलाफ उग्र प्रदर्शन और विरोध जताने के लिए मजबूर होगा।

More From Author

कुंभ मेला मेलाधिकारी ने किया प्रशासनिक रोड कॉरिडोर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण। गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश।