
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस जिले में हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह से मनाया गया। मुख्य समारोह नुमाइशखेत मैदान में आयोजित किया गया, जहां जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यहां उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें मौलिक अधिकारों के साथ दायित्व भी प्रदान किए हैं। जिनका ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सत्य, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए जनपद, प्रदेश एवं देश के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की।
जिलाधिकारी, विधायक पार्वती दास एवं जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों नंदी देवी, भगवती देवी, पार्वती देवी एवं बसंत बल्लभ पांडे को सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाजसेवियों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे। कांग्रेस और भाजपा कार्यालय में किया ध्वजारोहण बागेश्वर। गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस तथा भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम किया। इस दौरान लोगों को संविधान के महत्व की जानकारी दी गई। कपकोट, गरुड़, कांडा तथा दुग-नाकुरी तहसील में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया। सभी स्कूलों में सुबह प्रभातफेरी निकाली गई। स्कूलों में मिष्ठान वितरण किया गया।
