हरिद्वार।स्वच्छता और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम को लेकर हरिद्वार नगर निगम इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में भूपतवाला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गंगा विहार कॉलोनी (वार्ड नंबर 2) में नगर निगम की टीम द्वारा एक व्यापक स्वच्छता और सुधार अभियान चलाया गया।
पिछले कुछ समय से स्थानीय नालियों में सिल्ट (रीसूत) जमा होने के कारण क्षेत्रवासियों को जलभराव और गंदगी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए नालियों की गहरी सफाई की और भारी मात्रा में रीसूत को बाहर निकाला, जिससे पानी की निकासी अब सुचारू हो गई है।

अब पार्क की सफाई और सौंदर्यीकरण पर जोर
सड़कों और नालियों को दुरुस्त करने के बाद, आज नगर निगम की टीम गंगा विहार कॉलोनी के मुख्य पार्क में सफाई अभियान चला रही है। पार्क के भीतर उगी अनचाही झाड़ियों को काटने, कचरे का सुरक्षित निस्तारण करने और पूरे परिसर को सुंदर व सुरक्षित बनाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
पार्क की सफाई होने से कॉलोनी के बच्चों, महिलाओं और विशेषकर बुजुर्गों में भारी उत्साह है, जो अब सुबह-शाम यहाँ सुकून से टहल सकेंगे। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की इस त्वरित और दोहरी कार्रवाई (नाली व पार्क सफाई) की सराहना की है। वहीं, निगम प्रशासन ने भी जनता से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों और नालियों में कचरा न फेंकें, ताकि क्षेत्र को हमेशा स्वच्छ और सुंदर बनाए रखा जा सके।
