लक्सर: जमदग्नि पब्लिक स्कूल में ‘दादा-दादी, नाना-नानी’ सम्मान समारोह की धूम; चेयरमैन राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने रिश्तों की अहमियत पर दिया जोर

लक्सर। विधानसभा क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जमदग्नि पब्लिक स्कूल में आज एक अनूठा और भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष समारोह में बच्चों के दादा-दादी और नाना-नानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन एवं माननीय राज्यमंत्री श्री ओम प्रकाश जमदग्नि द्वारा की गई।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी के साथ मिलकर कई शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। छोटे बच्चों ने जहाँ कविताओं और गीतों के माध्यम से बुजुर्गों के प्रति अपना प्रेम व्यक्त किया, वहीं बुजुर्गों ने भी बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी पुरानी यादें ताजा कीं।

सभा को संबोधित करते हुए चेयरमैन एवं राज्यमंत्री श्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने कहा कि, “आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बच्चे अपने संस्कारों से दूर न हों, इसके लिए बुजुर्गों का सानिध्य बहुत जरूरी है। दादा-दादी और नाना-नानी ही सही मायने में बच्चों के सच्चे दोस्त और मार्गदर्शक होते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि हमारे पारिवारिक रिश्तों की नींव भी मजबूत होती है।”

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा पधारे हुए सभी सम्मानित बुजुर्गों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामाजिक और नैतिक मूल्यों का विकास होता है।

इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

More From Author

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, लक्सर के विकास के मुद्दों पर हुई अहम चर्चा

आस्था के केंद्र या गंदगी के ढेर? गंगा घाटों पर कचरे का अंबार, प्रशासन की चुप्पी और जनता की लापरवाही पड़ रही भारी!