सीएम धामी ने कहा बीजेपी राज्य के विकास के लिए दिन रात काम कर रही हैं. आंकड़े इसकी पुष्टि कर रहे हैं.
हरिद्वार: आज उत्तराखंड की धामी सरकार को चार साल पूरे हो रहे हैं. इस मौके पर हरिद्वार में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में हरिद्वार में धामी सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित ने हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, अमित शाह की कुशल रणनीति, अद्वितीय संगठन कौशल और प्रभावी मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि वर्ष 2022 में उत्तराखण्ड की देवतुल्य जनता ने सभी पुराने मिथक तोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी को पुनः प्रदेश की सेवा का अवसर दिया है.
सीएम धामी ने कहा वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से ₹3,56,000 करोड़ के निवेश समझौते हुए थे. हमें गर्व है कि पिछले वर्ष केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ₹1,00,000 करोड़ के निवेश समझौतों को धरातल पर उतारने में सफलता प्राप्त हुई है.

“देवभूमि उत्तराखण्ड आगमन पर दृढ़ संकल्प के धनी, अटूट प्रतिबद्धता और राष्ट्र सेवा की जीवंत प्रतिमूर्ति, आधुनिक भारत के लौह पुरुष केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी का मैं समस्त प्रदेशवासियों की ओर से मुख्य सेवक के रूप में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता हूँ.
सीएम धामी ने कहा हमारी सरकार द्वारा राज्य के युवाओं को व्यापक रोजगार अवसर उपलब्ध कराते हुए उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्यों में उभरकर सामने आया है. ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तराखण्ड को ‘अचीवर्स’ तथा स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ की श्रेणी प्राप्त हुई है। साथ ही नीति आयोग, भारत सरकार के वर्ष 2023–24 के सूचकांक में सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में उत्तराखण्ड ने पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है.
उन्होंने कहा पहली बार उत्तराखण्ड G-20 जैसे वैश्विक सम्मेलन का साक्षी बना. पहली बार राज्य में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ. हमारे खिलाड़ियों ने सर्वाधिक पदक जीतकर नया इतिहास रचा. पहली बार वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की गई.
उन्होंने कहा हमारी सरकार के इन चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है. पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 % की वृद्धि दर्ज हुई है. प्रति व्यक्ति आय में भी 41% उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है.
सीएम धामी ने कहा हम उत्तराखण्ड के विकास के साथ-साथ यहां की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण और राज्य के मूल स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए भी सतत कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है. हमें गर्व है कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है जिसने समान नागरिक संहिता को लागू कर एक नई दिशा प्रदान की है.
