BIG BREAKING: हरिद्वार जीआरपी की जन्माष्टमी में दिखा भक्ति का रंग, 120 नन्हे कलाकारों ने मचाया धमाल

हरिद्वार। जीआरपी पुलिस लाइन, बीएचईएल सेक्टर-वन में कप्तान अरुणा भारती के नेतृत्व में पहली बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ किया गया। शाम करीब सात बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात तक चला। कार्यक्रम में हरिद्वार जनपद के 25 से अधिक स्कूलों के लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

सृष्टि ग्रुप हरिद्वार की ओर से भोले बाबा और नंदी भगवान के बड़े कटआउट के साथ दी गई प्रस्तुति ने भी खूब वाहवाही बटोरी। वहीं एक स्कूल की नन्ही बच्चियों ने सुंदर परिधानों में शानदार तालमेल के साथ प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों के दौरान पंडाल में मौजूद लोगों ने लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण जन्म, बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया। प्रस्तुतियों के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के विभिन्न रूपों को दर्शाती आकर्षक झांकी भी सजाई गई। झांकी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। बड़ी संख्या में लोग झांकी देखने पहुंचे। कई अभिभावक अपने बच्चों को श्रीकृष्ण की वेशभूषा में लेकर पहुंचे और झांकी के साथ फोटो एवं सेल्फी लेते नजर आए।


कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कप्तान अरुणा भारती ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में साधना मिश्रा, जनरल डायरेक्टर डीएमडी (S,R,S,G) और सतीश रुपानी, ओएसडी, प्रेसिडेंट S.R.H.U. देहरादून सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रकाश केशवाह, डायरेक्टर, डायलिसिस यूनिट, जॉली ग्रांट हॉस्पिटल, देहरादून उपस्थित रहे।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक जेल, सीओ ट्रैफिक हरिद्वार बिपेन्द्र सिंह, सीओ अनुज सहित जीआरपी के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।

रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर कप्तान अरुणा भारती, सीओ अनुज और उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।

कप्तान अरुणा भारती ने सभी बच्चों, स्कूलों, पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ पुलिस परिवार और समाज के बीच आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ।

More From Author

बारिश का अलर्ट: शनिवार को हरिद्वार में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, डीएम ने दिए सख्त आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *