एक खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है.
रुद्रपुर: जनपद में एक बड़ा ठगी का मामला प्रकाश में आया है, जिसमें एक्सपोर्ट के नाम पर एक कंपनी से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए. कंपनी ने आरोप लगाया है कि एक फर्जी एक्सपोर्ट एजेंसी ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार दिलाने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पत्र के अनुसार, 29 जुलाई कंपनी के डीजीएम एक्सपोर्ट अमित पुरवार से रितेश शुक्ला नामक व्यक्ति ने संपर्क किया और अपनी एजेंसी के बारे में जानकारी दी. एजेंसी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में व्यापार दिलाने के लिए 30 लीड और 4 गोल्डन लीड देने का आश्वासन दिया. इसके बाद कंपनी का परिचय अन्य व्यक्ति से कराया गया, जिसने रजिस्ट्रेशन के बाद विदेशी व्यापार के अवसर देने की बात कही. विश्वास दिलाने के लिए एक अमेरिकी कंपनी के नाम से 200 मीट्रिक टन पास्ता की फर्जी लीड भी दी गई.
झांसे में आकर प्रार्थी कंपनी ने 28 अगस्त को 41,300 रुपये का भुगतान कर रजिस्ट्रेशन कराया. इसके बाद व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर बातचीत शुरू हुई और फर्जी दस्तावेजों के जरिए एलओआई, एफसीओ और सेल्स परचेज एग्रीमेंट तैयार कराए गए. बाद में प्रॉफॉर्मा इनवॉइस स्वीकार होने के बाद आरोपियों ने वर्ल्ड ट्रेड एश्योरेंस के नाम पर 1,85,000 रुपये और मांगे, जिसे भी कंपनी ने 9 सितंबर को जमा कर दिया. भुगतान के बाद आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया. संदेह होने पर प्रार्थी कंपनी के प्रतिनिधि कानपुर स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि अभिषेक सिंह को पहले ही धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है
जांच में यह भी सामने आया कि सभी दस्तावेज फर्जी थे और पूरी साजिश ठगी के उद्देश्य से रची गई थी. प्रार्थी ने पुलिस को कई बार शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई. न्यायालय के आदेश पर कोतवाली रुद्रपुर में संबंधित 6 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले में एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रुद्रपुर में प्रॉपर्टी डीलर को धमकाने और वसूली की कोशिश: रुद्रपुर में खुद को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति पर प्रॉपर्टी डीलर को धमकाने और जबरन वसूली की कोशिश करने का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली.
