

जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। सल्ट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.35 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।
अपर उप निरीक्षक दीवान सिंह अपनी टीम के साथ सरकारी वाहन डायल-112 से क्षेत्र में गश्त और चेकिंग पर थे। इसी दौरान राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जाने वाले पैदल मार्ग के पास काली गांव की ओर से आ रही एक कबाड़ से भरी पिकअप वाहन (महेंद्राः यूके19सीए-0992) को रोककर जांच की गई। वाहन में चालक सहित तीन लोग सवार थे।
जांच के दौरान पिकअप में भरे कबाड़ के बीच एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में हरे रंग का बीजदार पदार्थ मिला, जिसे सूंघने और प्रारंभिक परीक्षण में गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कट्टे सहित गांजे का कुल वजन 18.350 किलोग्राम पाया गया, जबकि खाली कट्टे का वजन 0.160 किलोग्राम था।
