संक्षेप:अंकिता हत्याकांड में वीआईपी के नाम का दावा करने वाली उर्मिला सनावर से पुलिस ने 6 घंटे तक पूछताछ की और 46 डिजिटल फाइलें जब्त की हैं, वहीं पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने न्याय मिलने तक भगवा त्यागने की शपथ ली है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोबारा वीआईपी के नाम का दावा करने वाली उर्मिला सनावर दून में पुलिस की लंबी पूछताछ के बाद हरिद्वार रवाना हो गई। दून पुलिस ने उर्मिला से पूछताछ के दौरान करीब 46 ऑडियो और वीडियो क्लिप अपने कब्जे में लिए हैं। बकौल उर्मिला- पुलिस उनका फोन भी कब्जे में लेना चाहती थी, जिसे देने से उन्होंने इनकार कर दिया। गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए उर्मिला गुरुवार दोपहर बाद हरिद्वार के लिए रवाना हो गईं।
पुलिस ने पूछे कई सवाल
दून पुलिस की टीम ने बुधवार देर रात और गुरुवार दिन में कई घंटे उर्मिला से पूछताछ की। पुलिस जानना चाहती थी कि वायरल ऑडियो क्लिप का मुख्य स्रोत क्या है। इस दौरान उर्मिला ने पुलिस को 46 डिजिटल फाइलें सौंपीं, जिनमें ऑडियो और वीडियो शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने उर्मिला और सुरेश राठौर के कई राजनेताओं से संपर्क की भी जानकारी ली। उर्मिला ने बताया कि पुलिस ने बड़ी संख्या में सवाल किए। उनके पास यह रिकार्डिंग कहां से आई, कब-कब इनको रिकार्ड किया गया। इन रिकॉर्डिंग में जिन लोगों का नाम लिया, उनसे उर्मिला खुद कभी मिली हैं आदि सवाल किए गए। उर्मिला ने कहा कि निजता और डाटा से छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए उन्होंने अपना फोन पुलिस के हवाले नहीं किया। गुरुवार दोपहर को उर्मिला देहरादून से हरिद्वार के लिए रवाना हो गईं। हरिद्वार निकलने से पहले उन्होंने मीडिया और अपने करीबियों के सामने आशंका जताई कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। मामले की जांच कर रही एसआईटी के प्रभारी हरिद्वार में ही हैं।
उर्मिला से छह घंटे तक एसआईटी की पूछताछ
अंकिता भंडारी प्रकरण में एसआईटी ने गुरुवार को अभिनेत्री उर्मिला सनावर से हरिद्वार स्थित एसओजी कार्यालय में करीब छह घंटे तक पूछताछ की। एसआईटी दोपहर करीब डेढ़ बजे उर्मिला को हरिद्वार लेकर पहुंची और शाम करीब साढ़े छह बजे तक पूछताछ की गई। इसके बाद उनको छोड़ा गया। हालांकि, इस पूछताछ को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
राठौर बोले, गोलू देवता करेंगे न्याय, भगवा नहीं पहनूंगा
बहादराबाद में दर्ज मुकदमे में हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौर गुरुवार को अपने ज्वालापुर स्थित आवास पहुंचे। मीडिया से बातचीत में राठौर ने कहा कि उनको न्याय की पूरी उम्मीद है और इसके लिए वे दो बार गोलू देवता मंदिर जा चुके हैं। राठौर ने कहा कि गोलू देवता न्याय के देवता हैं और वही सच्चाई सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनको न्याय नहीं मिल जाता, वे भगवा वस्त्र धारण नहीं करेंगे। कई दिन गायब रहे राठौर ने सफाई भी दी कि वे पत्नी को बताकर एकांतवास में गए थे।
