
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े घोटाले में सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने होमगार्ड्स डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की गहन जांच के लिए संयुक्त जांच समिति बनाने के निर्देश दिए हैं।
टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आईं
यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड जवानों के लिए वर्दी, जूते और अन्य सामग्री की खरीद से संबंधित है। महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा की ओर से सरकार को सौंपी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और निर्धारित नियमों की उल्लंघन की बात सामने आई है। आरोप है कि सामग्री बाजार मूल्य से कहीं अधिक कीमत पर खरीदी गई, जिससे विभाग को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट रुख- भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संयुक्त जांच समिति अब इस पूरे मामले की बारीकी से जांच करेगी। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर आगे की कार्रवाई होगी।
