हरिद्वार धनौरी के पास स्थाई पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है. गंगनहर पर 90 मीटर लंबा डबल लेन का पुल बनेगा

हरिद्वार: कुंभ मेला 2027 के लिए हरिद्वार में चल रहे तमाम निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 31 अक्टूबर तक की डेडलाइन दी है. जिसके बाद मेला प्रशासन के अधिकारियों ने निर्माण कार्यों पर मॉनिटरिंग बढ़ा दी है. मेला अधिकारी सोनिका ने कुंभ मेले के तमाम निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. साथ ही संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से काम पूरा करने के निर्देश दिए.
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया 2024 अर्द्धकुंभ मेले के लिए होने वाले निर्माण कार्यों के लिए 1224 करोड़ से ज्यादा का स्टीमेट बनाया गया है. जिनमें से करीब 220 करोड़ के कामों का जीओ जारी हो चुका है. अन्य निर्माण कार्य भी जल्द धरातल पर उतरेंगे. बता दें सोमवार को मुख्यमंत्री ने सचिवालय में कुंभ मेले की समीक्षा बैठक की. बैठक में उन्होंने अधिकारियों को 31 अक्टूबर तक निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए थे.
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि हरिद्वार धनौरी के पास स्थाई पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है. गंगनहर पर 90 मीटर लंबा डबल लेन का पुल बनेगा. इसके बराबर वाले पुल में सुरक्षा खामियां थी. जिसके चलते कुंभ मेले के बजट से नया पुल बनाया जा रहा है. अर्द्धकुंभ मेले के 35 निर्माण कार्य अप्रूव हुए थे. जिनमें से 22 निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया हो गई है. निर्माण कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं. बाकी अन्य निर्माण कार्यों के लिए जल्द ही जीओ जारी किया जाएगा. इसके अलावा भी केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे गए हैं. अनुमति मिलते ही वो सभी कार्य भी शुरू किए जाएंगे.
गौर हो कि 2021 का हरिद्वार कुंभ कोरोना की भेंट चढ़ गया था. मेले को बीच में ही स्थगित करना पड़ गया था. सरकार ने निर्णय लिया है कि इस बार 2027 अर्द्धकुंभ मेले को पूर्ण कुंभ की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा. जिसमें कुंभ की भांति पेशवाई निकाली जाएंगी. साथ ही धर्मध्वजा और छावनियां लगाने के साथ ही साधु संतों के शाही स्नान भी होंगे. सभी तेरह अखाड़ों के साधु संतों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनकी सहमति ले चुके हैं. हरिद्वार में मेले की दिव्य भव्य तैयारियां की जा रहीं हैं. प्रथम चरण में पुलो के साथ ही नए घाटों के स्थाई कार्य किए जा रहे हैं.
