संक्षेप:हल्द्वानी में ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप की आड़ में शराब और सिगरेट की अवैध सप्लाई का बड़ा खुलासा हुआ है। डिलीवरी ब्वॉय मोटी रकम लेकर स्कूली बच्चों और महिलाओं तक नशीले पदार्थ धड़ल्ले से पहुंचा रहे हैं।

हिन्दुस्तान’ ने दो दिन शहर में इसकी पड़ताल की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। चिंताजनक यह है कि स्कूली बच्चे, महिलाएं और वे लोग जो ठेके पर जाने से झिझकते हैं, बेधड़क इनके जरिये नशे का सामान मंगवा ले रहे हैं।
पड़ताल में कई चौंकाने वाले खुलासे
शहीद पार्क के पास एक निजी स्कूल के बाहर से एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप पर मोमो ऑर्डर किए। 224 रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। ऑर्डर होने के साथ ही डिलीवरी पार्टनर का मोबाइल नंबर ऐप में शो हुआ। नंबर पर कॉल किया और कहा कि ऑर्डर के साथ एक रम का पव्वा, सिगरेट की डिब्बी और पान मसाला भी लाना है। डिलीवरी ब्वॉय ने अपना दूसरा मोबाइल नंबर भेजा और उस पर 400 रुपये मंगवाए। तीन सौ रुपये तीनों सामान और 100 रुपये अपना चार्ज लिया। कुछ ही देर में मोमो के साथ डिलीवरी ब्वॉय शराब, सिगरेट और पान मसाला ले आया। साथ ही कह गया, ‘आगे से कभी शराब मंगानी हो तो सीधे कॉल करना, जहां कहोगे वहां पहुंचा दूंगा।’
खाने के साथ शराब का भी ऑर्डर
एक ऑनलाइन फूड ऐप से गारलिक ब्रेड ऑर्डर किया गया। ऑर्डर के कुछ देर बाद 12:01 बजे ऐप पर डिलीवरी ब्वॉय का नंबर और लोकशन शो होने लगी। पड़ताल के मकसद से दिए गए नंबर पर कॉल किया और डिलीवरी ब्वॉय को शराब का पव्वा लाने को कहा। पहले तो उसने मना कर दिया, लेकिन खुद ही अपना दूसरा नंबर नोट कराया। नंबर पर हैलो का मैसेज भेजने को कहा। मैसेज भेजते ही डिलीवरी ब्वॉय ने पेमेंट के लिए क्यूआर कोड भेजा और 200 रुपये मंगवाए। पैसा भेजने के बाद ऑर्डर लेकर पहुंचे डिलीवरी ब्वॉय ने एक ऑफिस के बाहर खाने के साथ अंगूरी देसी शराब का टेट्रा पैक थमाया। कहा, आजकल यही चल रहा है। सौ रुपये के पव्वे के 200 रुपये वसूले।
स्कूल के गेट पर दारू की डिलीवरी चिंताजनक
वैसे तो स्कूल-कॉलेज के नजदीक शराब की बिक्री प्रतिबंधित है, लेकिन डिलीवरी वाले हर जगह पहुंचा दे रहे हैं। स्कूल-कॉलेज के आसपास शराब की डिलीवरी बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि युवक-युवतियां या स्कूली छात्र इन्हीं डिलीवरी ब्वॉय से आसानी से शराब-सिगरेट मंगवा लेते हैं।
डिलीवरी ब्वॉय बोला, महिलाएं भी मंगाती हैं…
गुरुवार रात डिलीवरी देने आए युवक ने बातचीत में बताया, ‘दाज्यू सबसे ज्यादा लोग रात में दारू मंगाते हैं। हमसे किटी पार्टी वाली महिलाएं बोतल मंगाती हैं। युवतियां ठेके पर जाने से डरती हैं, इसलिए हमसे मंगाती हैं। कई तो परमानेंट हैं, जो सीधे फोन करके मंगा लेती हैं।’
